संदिग्ध हालात में युवक की मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संदिग्ध हालात में युवक की मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
6:21 PM, Jun 2, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

रिश्तेदार के घर रुका था युवक, फंदे से लटका मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कोन/सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के पीपरखड़ गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। युवक का शव रिश्तेदार के घर फंदे से लटका मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार पीपरखड़ निवासी विजय चेरों (35) ग्राम पंचायत कचनरवा के बरवा टोला स्थित अपने एक दूर के रिश्तेदार के घर गया था। बताया जाता है कि वह रात में वहीं रुका हुआ था। देर रात करीब 10 बजे उसके फंदे से लटकने की सूचना मिली। घटना की खबर फैलते ही सुबह मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही कोन थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि विजय की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। मृतक के भाई ने बताया कि विजय किसी प्रकार की मानसिक तनाव या पारिवारिक समस्या से नहीं जूझ रहा था। वह सामान्य रूप से अपने रिश्तेदार के घर गया था, ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत कई सवाल खड़े कर रही है। परिजनों ने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए, ताकि मृतक के परिवार को न्याय मिल सके।
इस संबंध में कोन थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






