समाजसेवी साहित्यकार डॉ. लवकुश प्रजापति को मिला ‘साहित्यमणि सम्मान’, साहित्यकारों ने दी शुभकामनाएं.
दुद्धी, सोनभद्र | सोन प्रभात
duddhi
3:12 PM, Mar 7, 2026
Share:
Edited by: Ashish Gupta

दुद्धी, सोनभद्र | सोन प्रभात
मधुरिमा साहित्य गोष्ठी के तत्वावधान में वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी एवं प्रसिद्ध उपन्यास “सोनभद्र की फूलमती” के लेखक डॉ. लवकुश प्रजापति को स्वर्गीय निरंजन जालान स्मृति – साहित्यमणि सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शुक्रवार को जनपद मुख्यालय पर वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि अजय शेखर के आवास पर आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार पारस नाथ मिश्रा ने की, जबकि संचालन प्रख्यात गीतकार जगदीश पंथी द्वारा किया गया।

विज्ञापन
मधुरिमा साहित्य गोष्ठी के निदेशक अजय शेखर , जगदीश पंथी तथा फरीद अहमद ने डॉ. लवकुश प्रजापति को सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और 21 हजार रुपये की धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर साहित्यकारों ने डॉ. प्रजापति के साहित्यिक योगदान और समाज सेवा के कार्यों की सराहना की।
यह भी पढ़ें
इस मौके पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन दास केसरी ने कहा कि अपने गुरु के नाम से इतना बड़ा सम्मान स्थापित करना वास्तव में गुरु ऋण से उऋण होने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान साहित्य और समाज दोनों के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।
विज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान एक काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक वातावरण को जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर सुशील श्रीवास्तव ‘राही’, कृष्ण मुरारी गुप्ता, आलोक चतुर्वेदी, अब्दुल हई, ईश्वर विरागी, दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’, रामप्रसाद यादव, रामचंद्र देव पांडेय, राजेंद्र प्रसाद, जयराम सोनी, कृपाशंकर दूबे सहित कई साहित्यकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






