दुद्धी में दर्दनाक हादसा : गैस लीकेज जांच के दौरान महिला झुलसी, जिला अस्पताल रेफर.
गैस लीकेज की जांच के दौरान माचिस जलाना एक महिला के लिए भारी पड़ गया। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
duddhi
10:46 AM, Apr 24, 2026
Share:
Edited by: Ashish Gupta
, Reported By: Jitendra Chandravanshi

Image : Sonprabhat News
दुद्धी, सोनभद्र: कोतवाली क्षेत्र के रामनगर कस्बे में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गैस लीकेज की जांच के दौरान माचिस जलाना एक महिला के लिए भारी पड़ गया। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी इंद्रावती देवी (55 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय राजकुमार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे अपने घर में थीं। इसी दौरान उन्हें रसोई गैस के रिसाव की तेज गंध महसूस हुई। स्थिति की जांच करने के लिए उन्होंने माचिस जलाकर लीक का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही आग जलाई, गैस ने तुरंत पकड़ ली और वे आग की चपेट में आ गईं।

विज्ञापन
यह भी पढ़ें
आग की लपटों से घिरी महिला ने किसी तरह खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे बुरी तरह झुलस चुकी थीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल मदद शुरू की। घटना की सूचना मिलने पर वार्ड सभासद आमेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पड़ोसी सियाराम के सहयोग से घायल महिला को तुरंत निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि महिला काफी गंभीर रूप से झुलस गई हैं, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि इंद्रावती देवी के पति का पहले ही निधन हो चुका है और उनके दो पुत्र बीजपुर स्थित कंपनी में कार्यरत हैं। घटना की सूचना दोनों को दे दी गई है। बेटों के पहुंचने से पहले तक महिला सीएचसी में ही दर्द से तड़पती रहीं।






