लोग बचाने दौड़े, पर नहीं बच सके ड्राइवर… सोनभद्र में दो ट्रकों की टक्कर के बाद जिंदा जले चालक।
हाथीनाला हथवानी के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग, हादसे में दोनों ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत।
सोनभद्र
8:42 PM, Apr 11, 2026
Share:
Edited by: Shaktipal
, Reported By: U. Gupta

दुर्घटना के बाद जलती दोनों ट्रक : सोन प्रभात न्यूज
जनपद सोनभद्र के हाथीनाला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने मौके पर मौजूद हर शख्स को झकझोर कर रख दिया। भूतिहवा नाला के पास आमने-सामने से आ रहे दो भारी वाहनों की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई, जिसमें फंसे दोनों चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के तुरंत बाद चिंगारी भड़की और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सबसे दर्दनाक दृश्य तब था जब दोनों चालक केबिन में फंसे हुए “बचाओ-बचाओ” चिल्लाते रहे, लेकिन कोई भी उन्हें बाहर नहीं निकाल सका।स्थानीय लोग जान बचाने के लिए दौड़े, कुछ लोगों ने ट्रक के दरवाजे तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन आग की तेज लपटों और धुएं के कारण कोई पास तक नहीं पहुंच पाया। कुछ ही मिनटों में दोनों ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गए और चालक जिंदा ही जल गए।
विज्ञापन

यह भी पढ़ें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए तुरंत हिंडाल्को और अल्ट्राटेक कंपनी के फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
विज्ञापन

इस भीषण हादसे के चलते हाइवे पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को डायवर्ट किया और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य की।फिलहाल पुलिस दोनों मृतकों की पहचान करने में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।






