जमीन विवाद से परेशान युवक ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का किया प्रयास
जमीन विवाद से परेशान युवक ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का किया प्रयास
8:56 AM, May 7, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के भख्हा गांव निवासी नरेंद्र तिवारी ने जमीन विवाद के निस्तारण में कार्रवाई न होने से परेशान होकर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। युवक बोतल में ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों और अन्य लोगों ने समय रहते उसे पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।इसके बाद नरेंद्र तिवारी ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता ने गांव में चारागाह के लिए अपनी जमीन छोड़ी थी, लेकिन उसी जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। कब्जा हटवाने के लिए उनके पिता ने उच्च न्यायालय से आदेश भी प्राप्त किया था, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।नरेंद्र ने बताया कि अगस्त 2024 में उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के दिन कब्जेदारों द्वारा जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा था। सूचना पर पहुंची महिला लेखपाल ने निर्माण रुकवाने का प्रयास किया तो उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। बाद में फोर्स बुलाकर निर्माण कार्य रुकवाया गया।पीड़ित का आरोप है कि कब्जा करने वाले लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। जब उसने पुलिस से मदद मांगी तो पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट में जेल भेजने की धमकी देते हुए जमीन विवाद छोड़ने की बात कही। उल्टे उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया, जबकि आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।नरेंद्र तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि मंगलवार को विपक्षियों ने उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें






