ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से युवक की मौत, दो अन्य घायल
ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से युवक की मौत, दो अन्य घायल
7:52 AM, May 9, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घोरावल, सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बरौधी गांव में गुरुवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार, डोरिहार गांव निवासी 27 वर्षीय राजेश कोल बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बरौधी गांव के पास अचानक वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह सड़क पर गंभीर हालत में पड़े रहे।बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसी दौरान आगे जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मुंगहरी गांव निवासी रामधनी विश्वकर्मा (49) तथा उनके मामा सोनहटी गांव निवासी गुलशन (60) भी घायल हो गए। दोनों बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।घटना के कुछ देर बाद राहगीरों की नजर घायलों पर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से राजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।राजेश की मौत से परिवार में मातम छा गया है। वृद्ध पिता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसके दो छोटे बेटे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






