खाद वितरण में लापरवाही पर भड़के किसान, सड़क जाम और हंगामे से थम गई रफ्तार.

सोनभद्र। 
खाद वितरण को लेकर विंढमगंज, मेदनीखाड़ और सलैयाडीह स्थित क्रय–विक्रय सहकारी समिति केंद्रों पर बुधवार को हालात बेकाबू हो गए। खाद की कमी से परेशान किसानों ने जमकर हंगामा किया और “खाद दो, खाद दो”“अत्याचार नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

दरोगा पर लाठीचार्ज का आरोप

मौके पर पहुंचे एक दरोगा पर किसानों ने गंभीर आरोप लगाया कि उन्होंने एक किसान को लाठी से पीट दिया। इस घटना ने माहौल को और भड़का दिया। आक्रोशित किसानों ने दरोगा को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम

स्थिति बिगड़ते देख किसानों ने रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे घंटों यातायात ठप रहा। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।

अधिकारियों तक पहुँची शिकायत

हालात बेकाबू होने की सूचना पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। साथ ही एसडीएम और सीओ को भी घटनाक्रम की जानकारी दी गई।

1200 किसान, सिर्फ कुछ सौ बोरी खाद

सूत्रों के अनुसार, तीनों केंद्रों पर लगभग 1200 किसान पहुंचे थे, जबकि आपूर्ति में मात्र कुछ सौ बोरी खाद आई थी। सचिव ने स्वीकार किया कि इतनी कम आपूर्ति में वितरण संभव नहीं है।

10 दिन से भटक रहे किसान

किसानों का कहना है कि वे पिछले 10 दिनों से खाद के लिए केंद्रों का चक्कर काट रहे हैं लेकिन हर बार निराशा हाथ लग रही है। उनका आरोप है कि प्रशासन मदद करने के बजाय किसानों पर ही अत्याचार कर रहा है।

किसानों की नाराज़गी बढ़ी

गुस्साए किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही खाद की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On