सोनभद्र:(वेद व्यास सिंह मौर्य )
एक्शन एड एसोसिएशन द्वारा आयोजित वन, आजीविका और पहचान आधारित जनजातीय सशक्तिकरण विषयक राष्ट्रीय स्तर के परामर्श के अवसर पर उड़ीसा के भुनेश्वर में जनपद सोनभद्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं मानवाधिकार रक्षक कमलेश कुमार को एक्शन एड द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान जनजातीय समुदायों के अधिकारों, संसाधनों की सुरक्षा तथा सम्मानजनक आजीविका के लिए किए गए उनके निरंतर संघर्ष और जमीनी योगदान के लिए प्रदान किया गया।

कमलेश कुमार पिछले कई वर्षों से सोनभद्र के आदिवासी समुदायों के साथ रहकर वन अधिकार, आजीविका संवर्धन, पहचान और गरिमा से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, संसाधनों की कमी और अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने समुदायों को संगठित कर वन अधिकार कानून के प्रति जागरूकता, आजीविका के वैकल्पिक साधनों का विकास, तथा मानवाधिकार उल्लंघनों के विरुद्ध शांतिपूर्ण व संवैधानिक संघर्ष को आगे बढ़ाया। उनके प्रयासों से कई गांवों में सामुदायिक एकजुटता मजबूत हुई और आदिवासी परिवारों को अपने अधिकारों के लिए आवाज़ मिली।
इस अवसर पर कमलेश कुमार ने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सोनभद्र के उन सभी आदिवासी परिवारों का है, जिन्होंने अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का साहस दिखाया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय खालिद चौधरी, एसोसिएट डायरेक्टर, एक्शन एड को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही वे जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य कर पाए। उनके नेतृत्व और सहयोग ने आदिवासी मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एक्शन एड ने कमलेश कुमार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जमीनी कार्यकर्ता देश में समावेशी विकास और सामाजिक न्याय की नींव को मजबूत करते हैं। तथा उम्मीद जताई कि यह सम्मान अन्य युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी जनजातीय अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा।
Mukesh (aka Shaktipal) is a journalist with 10 years of experience in Sonbhadra, known for his ground-level reporting and strong focus on local public issues.

















